बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड में उम्रकैद की सजा पाए माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि के दुर्दिन उमेश पाल की हत्या के बाद से ही शुरू हो गए थे। शूटरों की तलाश में पुलिस ने उसके घर बुलडोजर चलवाया तो दीवारों में छिपाकर रखा गया असलहों का जखीरा मिला था। पुलिस ने कवि समेत उसके परिवार के 11 सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस का दबाव बढ़ा तो कवि ने लखनऊ की सीबीआई कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।
24 फरवरी 2023 को प्रयागराज के उमेश पाल सहित तीन लोगों की हत्या के बाद बेखौफ शूटर भाग निकले थे। घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। जिसमें माफिया अतीक का बेटा गोली चलाते दिखा था। पुलिस को शक हुआ कि हमलावर माफिया के करीबी शूटर सरायअकिल के भखंदा निवासी अब्दुल कवि के घर पनाह ले सकते हैं।
पुलिस ने पांच मार्च 2023 को कवि के घर दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया था। बुलडोजर चलवा कर घर को गिराया गया तो असलहे व बम मिले थे। इस मामले में शूटर व उसके परिवार के 11 सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। 24 मार्च को फिर भखंदा, 25 को डिहवा व 26 को पुरखास में करीबियों के घर से काफी असलहे बरामद कर करीबियों को जेल भेजा गया था।
शूटर के भाई अब्दुल वली व अब्दुल कादिर जेल भेजे गए। परिवार व करीबियों के यहां पुलिस ने शिकंजा कसा तो कवि डर गया। उसने लखनऊ की कोर्ट में जाकर सरेंडर कर दिया।
जनवरी में की गई थी गैंगस्टर की कार्रवाई
पांच जनवरी 2024 को पुलिस ने अब्दुल कवि का गैंग चार्ट तैयार किया है। जिसमें अब्दुल कवि को गैंग लीडर बनाया गया है। गैंग में उसके भाई अब्दुल कादिर व संदीपनघाट कोतवाली के लोहरा निवासी मो. सऊद व मो. फैज को भी शामिल किया गया।
भगोड़े कवि पर घोषित था एक लाख का इनाम
शूटर अब्दुल कवि के खिलाफ प्रयागराज व सरायअकिल कोतवाली में हत्या सहित पांच मुकदमे दर्ज हुए थे। एक मुकदमा सीबीसीआईडी लखनऊ में दर्ज किया गया था। वह भगोड़ा अपराधी था। गिरफ्तार के लिए उस पर एक लाख का इनाम घोषित था। सरायअकिल कोतवाली में राजू पाल हत्याकांड के गवाह पर जानलेवा हमले में मामले में वह वांछित था।
-