साफ रहेगा मौसम, सूरज उगलेगा आग, धूप और लू से बचने को पहले से रहें सतर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। लगातार तीन दिन तापमान में गिरावट से बृहस्पतिवार को राहत मिली। हालांकि, शुक्रवार से फिर गर्मी के तेवर तल्ख होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान जारी किया है। ऐसा हुआ तो गर्मी फिर से सितम ढाएगी।
मौसम में उतारचढ़ाव जारी है। 44 डिग्री तक पहुंचा तापमान अब लुढ़ककर 38 डिग्री सेल्सियस तक आ रहा है। बीते चार दिनों के आंकड़े मौसम के कुछ ऐसे ही मिजाज को दर्शा रहे हैं। 29 मार्च को जिले में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस था, जो गिरते-गिरते बृहस्पतिवार तक 38.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसी तरह पहले न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस था, जो लुढ़क कर 22 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। ऐसे में गर्मी से बेहाल जनमानस ने थोड़ी राहत मिली।
मौसम विभाग ने अब शुक्रवार से फिर गर्मी बढ़ने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तीन मई से फिर तापमान चढ़ना शुरू करेगा। फिर अगले तीन दिनों में यह अधिकतम पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। इसी तरह न्यूनतम पारा भी 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान मौसम वैज्ञानिकों ने लगाया गया है। अगले तीनों दिन आसमान साफ रहेगा। ऐसे में धूप भी चटख रहेगी। हालांकि, छह मई से फिर पारा नीचे उतरेगा, लेकिन इसके बहुत ज्यादा गिरने के आसार कम है।
जिले में बीते चार दिनाें में मौसम का हाल
तारीख - अधिकतम - न्यूनतम
29 अप्रैल - 44.2 - 245
30 अप्रैल - 42.3 - 25.4
एक मई - 41.1 - 23.3
दो मई - 38.8 - 22
-
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
तारीख - अधिकतम - न्यूनतम
तीन मई - 40.0 - 23.0
चार मई - 41.0 - 25.0
पांच मई - 42.0 - 25.0
छह मई - 41.0 - 26.0
बच्चों, बुजुर्गों और रोगियों का रखें खास खयाल
मेडिकल काॅलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विश्व प्रकाश का कहना है कि इस मौसम में बच्चों के खान-पान पर खास ध्यान देने की जरूरत है। बच्चों को तेज धूप में लेकर न निकले। निकलें भी तो छाता या गमछे का प्रयोग करें। बाहर के खाद्य पदार्थों से दूर रहे। वहीं फिजीशियन डॉ. संजीव सिंह कहते हैं कि वैसे तो हर किसी को गर्मी से बचाव की आवश्यकता है, लेकिन बुजुर्गों और रोगियों के स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान देना चाहिए। कारण, इनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता पहले से कम होती है। यह जल्दी बीमार पड़ सकते हैं।