शिक्षा विभाग के करीब 4500 कर्मचारी कराएंगे बोर्ड परीक्षा
बोर्ड परीक्षा के लिए ओसा को बनाया गया मूल्यांकन व संकलन केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन व संकलन केंद्र का निर्धारण कर लिया गया है। 22 फरवरी से होने वाली परीक्षा के लिए कर्मचारियों की मांग की गई है। परीक्षा में शिक्षा विभाग के करीब 4500 कर्मचारी तैनात होंगे।
जिले के 83 स्कूलों को बोर्ड परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें 47 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की कॉपियों, प्रश्नपत्र और मूल्यांकन के लिए दुर्गा देवी इंटर काॅलेज ओसा को केंद्र बना गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ. एसएन यादव ने कहा कि यहां से स्कूलों को प्रश्नपत्र व कॉपियां वितरित की जाएंगी। इसके बाद यहीं पर परीक्षा के बाद काॅपियों को जमा करना है। परीक्षा में माध्यमिक व परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक के तौर पर तैनात किया जाएगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग से शिक्षकों के नाम मांगे हैं।