बालकमऊ मे करंट लगने से मौत पुलिस व ग्रामीणों की लगी भीड़। संवाद
कोखराज थाना क्षेत्र के बालकमऊ गांव में शनिवार को घर पर स्टेबलाइजर बनाते समय 25 वर्षीय युवक करंट की चपेट में आ गया। युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोखराज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर चौकी अंतर्गत बालकमऊ गांव निवासी लवकुश गौतम (25) पुत्र मोतीलाल गौतम घर पर स्टेबलाइजर बना रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और उनका हाथ चिपक गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों और आसपास के लोगों ने किसी तरह बिजली का संपर्क हटाकर लवकुश को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। काफी प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।