मंझनपुर। कोखराज कोतवाली के चमरूपुर गांव के समीप शनिवार भोर किराने के सामान से भरे ट्रक में आग लग गई। जब तक लोगों ने आग पर काबू पाया, तब तक सामान जल चुका था। चमरूपुर निवासी जिलानी ने बताया कि वह कानपुर स्थित ट्रांसपोर्ट में ट्रक चालक है। शुक्रवार को वह कानपुर से किराने का सामान लादकर वाराणसी जा रहा था। भोर में उसने अपने गांव के बाहर गाड़ी खड़ी कर दी और कुछ सामान लेने घर चला गया। इस बीच ट्रक में आग लग गई। धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने पानी डालकर बुझाना शुरू किया। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग से अगरबत्ती और अनाज सहित करीब चार लाख रुपये का सामान जल गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।