भरवारी। मंडी शुल्क की चोरी कर झारखंड में बिकने जा रहे एक ट्रक गेहूं को मंडी सचिव ने पकड़ लिया। ट्रक चालक टैक्स आदि के कागज नहीं दिखा सका। गेहूं को मय ट्रक कोखराज कोतवाली के हवाले किया गया है।
शनिवार को भरवारी मंडी सचिव केके पांडेय सचल दल के सदस्य दिलीप कुमार वर्मा के साथ सिहोरी टोल प्लाजा के समीप चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान कोखराज की तरफ से टोल पार कर रहे गेहूं लदे ट्रक को रोककर कागज मांगे गए। ट्रक चालक मंडी शुल्क आदि के कागज नहीं दिखा सका।
चालक ने बताया कि श्री बालाजी ट्रेडर्स खागा (फतेहपुर) से गेहूं लोड किया गया था। ट्रक में 684 बोरी गेहूं लगभग 408 क्विंटल बरामद हुआ। यह गेहूं मेसर्स एआरके फ्लोर मिल धनबाद झारखंड पहुंचाया जाना था। मंडी सचिव ने बरामद ट्रक को कोखराज कोतवाली के सिपुर्द कर दिया है।