चलती स्कूटी में लगी आग,महिला ने कूदकर बचाई जान
मंझनपुर कस्बे में रविवार की सुबह हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। नेहरूनगर मोहल्ले में रविवार सुबह एक स्कूटी आग का गोला बन गई। स्कूटी सवार महिला ने कूदकर अपनी जान बचाई। मोहल्ले वालों ने आग पर काबू पाया।
नेहरू नगर मोहल्ले की रहने वाली साधना द्विवेदी तीन माह पहले एक स्कूटी खरीदी थी। वह रोजाना की तरह रविवार की सुबह भी सिलाई सीखने जा रही थीं। वह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से जैसे ही सिलाई सेंटर के पास पहुंची, उसी समय अचानक स्कूटी में आग लग गई। आग लगी देख वह स्कूटी से कूद गईं। स्थानीय लोग पुलिस को सूचना देने के साथ ही आग बुझाने में जुट गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने स्कूटी में लगी आग पर काबू पा लिया। आग किन कारणों से लगी, फिलहाल पता नहीं चल सका। मंझनपुर इंस्पेक्टर संतोष शर्मा ने बताया कि स्कूटी कब्जे में लेकर आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।