निकायों में आज बनेगी 50 किमी लंबी मानव शृंखला
मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप टीम और अमर उजाला का संयुक्त प्रयास
नगर पालिका भरवारी में आठ व बाकी छह नगर पंचायतों में बनाएंगे सात-सात किमी लंबी मानव शृंखला
स्कूली बच्चों के साथ ही कर्मचरी और स्थानीय लोग होंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक लोग मतदान में हिस्सा लें। इसके लिए प्रशासन एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए है। स्कूल-कॉलेजों, सरकारी तथा अर्द्ध सरकारी संस्थानों में अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ ही लोगों को मतदान करने और कराने की शपथ दिलाई जा रही है। इसी क्रम में 24 अप्रैल को स्वीप टीम और अमर उजाला की ओर से संयुक्त रूप से जिले भर में मानव शृंखला बनवाई जाएगी। 50 किलोमीटर लंबी मानव शृंखला में सबसे लंबी आठ किमी की भरवारी में बनेगी। इसके अलावा मंझनपुर, करारी, सिराथू, अजुहा, सरायअकिल तथा चायल में सात-सात किमी लंबी मानव शृंखला बनवाई जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी स्वीप इंद्रसेन सिंह ने बताया कि निकायों में सुबह आठ बजे से मानव शृंखला बनवाई जाएगी। इसमें जूनियर से ऊपर की कक्षाओं के स्कूली बच्चों को शामिल किया जाएगा। मानव शृंखला बनाने में सरकारी विभागों के कर्मचारियों के साथ ही स्थानीय नागरिक भी सहयोग करेंगे। इसके लिए सभी निकायों में अलग-अलग अधिकारियों को नोडल अफसर बनाकर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। मंझनपुर विधानसभा में आने वाली निकायों का सुपर विजन बीएसए अरविंद कुमार, चायल की जिम्मेदारी डायट प्रवक्ता डॉ. अनरिुद्ध श्रीवास्तव तथा सिराथू विधानसभा की कमान डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह को सौंपी गई है।