पीड़ित महिला को मोबाइल फोन सौंपते एसपी राजेश कुमार- मीडिया सेल
मंझनपुर। कौशाम्बी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी, स्नेचिंग और खोए हुए कुल 83 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। सोमवार को मंझनपुर पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बरामदगी की जानकारी देते हुए मोबाइल पीड़ितों को उनके फोन सौंपे। अपना मोबाइल वापस पाकर लोग खुश नजर आए। बरामदगी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर सरायअकिल थाना प्रथम (16 मोबाइल), कड़ा धाम द्वितीय (11 मोबाइल) और कोखराज तृतीय (11 मोबाइल) स्थान पर रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को पांच-पांच हजार रुपये का पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।