मुंबई का फरेबी कौशांबी के 22 लोगों को 26 लाख का चूना लगाकर फरार हो गया। सिंगापुर भेजने के नाम पर उसने लोगों से मोटी रकम खाते में रकम जमा करवाई थी। पुरखास के पीड़ित युवक की तहरीर पर सरायअकिल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मुंबई के पार्क साइट मोहल्ले का राजेन्द्र जगन्नाथ नागब शातिर चालबाज है। सरायअकिल इलाके के मददगारों के साथ मिलकर उसने इलाके के 22 लोगों को सिंगापुर भेजने के लिए 26 लाख 20 हजार रुपए अपने खाते में जमा करा लिया। पुरखास गांव का आसिफ अजीज पुत्र मकसूद समेत 22 लोग फरेबी के जाल में फंसे हैं। महीनों बीतने के बाद युवकों को सिंगापुर का वीजा और पासपोर्ट नहीं मिला तो वे मददगारों के पास पहुंचे।
मुंबई के फरेबी से मिलने और बातचीत का प्रयास किया तो मोबाइल बंद मिला। बुधवार को थाने पहुंचे आसिफ ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। आसिफ की तहरीर पर सरायअकिल पुलिस ने शातिर राजेन्द्र जगन्नाथ और मददगार शाहिद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ अनिल सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच-पड़ताल की जा रही है। साइबर सेल को जांच सौंपी गई है।
मुंबई के फरेबी ने दोआबा के 22 को ठगा
सिंगापुर भेजने के नाम पर 26 लाख रुपए का लगाया चूना
आरोपी और उसके मददगारों पर मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस