किशोरावस्था में होता है शारीरिक, मानसिक बदलाव
जयंतीपुर में मीना मंच की ओर से आयोजित हुआ तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम
फोटो-
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। नेवादा ब्लॉक के जयंतीपुर स्थित एक निजी महाविद्यालय में सोमवार को मीना मंच के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलाव के बारे में जानकारी दी गई। ट्रेनर लवलेश सिंह और अभय सिंह ने कहा कि 12 वर्ष पूरे होने पर शारीरिक बदलाव को लेकर किशोरियों एवं किशोरों में एक अजीब सा कौतूहल रहता है। इस अवस्था में शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक बदलावों के प्रति जरूरी जानकारी दी जानी चाहिए। इससे किशोर एवं किशोरियों के स्वभाव एवं नैतिक व्यवहार को सही दिशा में मिलती है। किशोर एवं किशोरियों को सही समय पर उचित जानकारी नहीं मिलने पर वह गलत रास्ते पर चल पड़ते हैं। आज के किशोर कल के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। इसलिए किशोरावस्था में ही उन्हें यौन शिक्षा दिया जाना नितांत आवश्यक है। मीना मंच की ब्लॉक अध्यक्ष नीलिमा बुंदेली ने किशोरियों में इस अवस्था में होने वाली प्रथम माहवारी के बारे में वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित जानकारी दी। एनीमिया के कारण व निदान के उपाय बताए। इस अवसर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षक भी उपस्थित रहे।