मंझनपुर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर जिले में अब कमजोर पड़ती दिख रही है। सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि संक्रमण की रोकथाम के लिए रोजाना की तरह सोमवार को भी जिलेभर में शिविर लगाकर 1973 संदिग्धों की कोविड जांच की गई। इस दौरान चार मरीज पॉजिटिव पाए गए। वहीं, पहले से संक्रमण की जद में रहे 15 मरीज ठीक हो गए हैं। इसी वजह से जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 144 रह गई है। इनमें से 94 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। जबकि गंभीर रूप से पीड़ित 50 मरीजों का विभिन्न कोविड अस्पतालों में इलाज चल रहा है।