टाइनी शाखा के लुटेरे की बेल नामंजूर
मंझनपुर (ब्यूरो)। चरवा के पहाड़पुर गांव स्थित ग्रामीण बैंक की टाइनी शाखा से बाइक सवार बदमाश नौ जनवरी 2019 को दिनदहाड़े करीब 3.76 लाख रुपये लूट ले गए थे। शाखा संचालक राममिलन त्रिपाठी ने अज्ञात के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के खुलासे में जुटी पुलिस को विवेचना के दौरान धमूनगंज कोतवाली क्षेत्र के गयासउद्दीनपुर निवासी वसीम पुत्र हनीफ को आरोपी पाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए साढ़े ग्यारह हजार रुपये भी बरामद किए। मामले में आरोपी की तरफ से जिला सत्र एवं न्यायाधीश महफूज अली की अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की गई। शासकीय अधिवक्ता सोमेश्वर तिवारी के विरोध एवं अपराध की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को कोर्ट ने जमानत अर्जी ठुकरा दी।