टेंढ़ीमोड़। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के कशिया पश्चिम गांव निवासी एक किसान की बुधवार सुबह जिंदा जलकर मौत हो गई।
कशिया पश्चिम गांव का दूधनाथ (55) पुत्र रामनाथ किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। घर के पास ही उसने एक झोपड़ी बना रखी थी। बुधवार सुबह भोर में उठने के बाद इसी झोपड़ी में आग जलाकर तापने लगा। इस दौरान अचानक झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते दूधनाथ भी आग की लपटों से घिर गया। चीख-पुकार पर जुटे परिजनों व ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि इससे पहले ही दूधनाथ की सांसें थम चुकी थीं। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब है। मामले में कोखराज इंस्पेक्टर राकेश सरोज का कहना है कि किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिली तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।