संपूर्ण समाधान दिवस में आईं 112 शिकायतें, निस्तारण हुआ सिर्फ 10 का
मंझनपुर तहसील में डीएम और एसपी ने सुनी लोगों की फरियाद
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। तीनों तहसीलाें में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इनमें 112 लोगों ने शिकायतों दर्ज कराईं, जिसमें से सिर्फ 10 फरियादियों की समस्या का ही समाधान हो सका।
जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सदर तहसील में हुआ। डीएम सुजीत कुमार और एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने शिकायतें सुनीं। पुनवार के गिरेंद्र ने डीएम को बताया कि गांव में एक व्यक्ति तालाब की जमीन पर निर्माण करवा रहा है। डीएम ने तहसीलदार को मामले की जांच कर तत्काल अवैध निर्माण रुकवाने का आदेश दिया। कोतारी पूरब से शिकायत लेकर आए मान सिंह ने कहा कि गांव में होलिका दहन के नाम पर भूमि सुरक्षित है। सरकारी दस्तावेजों पर भी यह भूमि होलिका दहन के नाम चढ़ी है। फिर भी कुछ लोग इस पर कब्जा कर रहे हैं। डीएम ने एसडीएम सदर को प्रकरण की जांच करने का निर्देश दिया। इसी तरह डीएम के समक्ष अलग-अलग 23 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनमें से 10 का डीएम ने निस्तारण करवाया। वहीं, तहसील सिराथू में 47 शिकायतें आईं, जिनमें से चार और चायल में 42 शिकायतें आईं, जिनमें से दो का निस्तारण किया गया।
-
बंदियों का नेत्र परीक्षण कर बांटी दवाएं
फोटो संख्या- 07
मंझनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर जिला कारागार में शनिवार को नेत्र चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट के चिकित्सकों की टीम ने 284 बंदियों और जेल कर्मियों की आंखों का परीक्षण किया। इस दौरान जरूरत पड़ने पर बंदियों को चश्मे और दवाएं भी वितरित की। जो रोगी गंभीर मिले, उन्हें चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया। अपर जनपद न्यायाधीश देवेश चंद्र गुप्ता, जेल अधीक्षक भूपेश सिंह, अधिवक्ता उपेंद्रनाथ शुक्ल आदि मौजूद रहे। संवाद
-
रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए करें आवेदन
मंझनपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य केके राम ने बताया कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में द्वितीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके बाद रिक्त सीटों पर प्रवेश लिया जाना है। इसके लिए अभ्यर्थी 20 अगस्त से लेकर 22 अगस्त तक ऑन लाइन आवेदन कर सकते हैं। संवाद