अफजलपुरवारी गांव स्थित फोटो स्टूडियो और घर में तोड़फोड़ व मारपीट के मामले में पइंसा पुलिस ने शनिवार को 10 लोगों को नामजद व एक अज्ञात समेत 11 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अफजलपुरवारी निवासी हंसराज की गांव में फोटो स्टूडियो है। शुक्रवार की शाम दुकान में हंसराज का मौसेरा भाई सौरभ निर्मल निवासी अंदावा बैठा था। इसी बीच गांव का कादिर फोटोकॉपी कराने दुकान पर आ गया।
आरोप है कि कूरामुरीदन गांव के कुछ लोगों का कादिर से पुराना विवाद चल रहा था। इन लोगों ने कादिर को देखा तो गालियां देने लगे।
सौरभ ने विरोध किया तो उसे पीट दिया। मौका पाकर कादिर ने भागने का प्रयास किया तो आरोपी युवकों ने उसे दौड़ लिया। उसके घर में तोड़फोड करते हुए वहां खड़ी बाइक क्षतिग्रस्त कर दी थी। मामले में कादिर के पिता किफायत उल्ला ने पुलिस को तहरीर दी थी।
पुलिस ने कूरामुरीदन निवासी नजीम, राज, एहसाशाम, अयान, शान, सुहेल, मो. जैब, अहद, गुफरान व समद व एक अज्ञात समेत 11 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर जगदीश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोट आई है। उनकी ओर से भी तहरीर मिली है।