पटियाली। गांव अशोकपुर में मंगलवार को घर के अंदर एक युवक का शव फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के वक्त युवक घर पर अकेला था जबकि उसकी पत्नी और तीन बच्चे पशुओं के लिए घास लेने खेत पर गए थे।
गांव अशोकपुर निवासी 35 वर्षीय सुधीर पुत्र लज्जाराम अपने भाई पुष्पेंद्र के साथ जयपुर में कबाड़ का कारोबार करता था। दिवाली के अवसर पर वह 7 नवंबर को ही जयपुर से घर आया था।
मंगलवार शाम जब परिजन खेत से लौटे तो उन्होंने सुधीर को फंदे पर लटका देखा जिससे घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर बुधवार सुबह जयपुर से उसका भाई पुष्पेंद्र भी गांव पहुंच गया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्रपाल सिंह भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
-
वर्जन
युवक का शव घर में फंदे पर लटका मिला। मामले में अभी परिजन की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वजह स्पष्ट हो सकेगी। - अमित कुमार, सीओ