पटियाली। कस्बे के बाईपास रोड स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में सोमवार को हनुमान गढ़ी सेवा समिति के तत्वावधान में विशाल कुश्ती दंगल आयोजित किया गया। दंगल में दूर-दराज से आए नामी पहलवानों ने दमखम दिखाया।
दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य आदित्य मिश्रा उर्फ अन्नू ने फीता काटकर और पहलवानों का हाथ मिलाकर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि कुश्ती हमारी संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है।
प्रसिद्ध उद्घोषक नवनीत पांडे ने अपनी दमदार आवाज से पूरे दिन दर्शकों में उत्साह बनाए रखा। दंगल का समापन रात करीब 9 बजे हुआ। अध्यक्ष उमेश पांडे और सचिव कल्लू पांडे के नेतृत्व में अतिथियों को माला और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
-
फाइनल मुकाबला बराबरी पर छूटा
रेफरी राखेंद्र सिंह और हरपाल सिंह की देखरेख में मुकाबले हुए। नितिन नगला पाती ने रीतेश हाथरस, जुगेंद्र सिंह सिकंदरपुर वैश्य ने राहुल आगरा और अर्जुन संभल ने मोहन हाथरस को हराया। सबसे बड़ा मुकाबला अरविंद अगसौली और नकुल फिरोजाबाद के बीच हुआ जो बराबरी पर छूटा। समिति ने दोनों पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।