कासगंज। पटियाली थाना क्षेत्र के गांव नगला अजीत में रविवार शाम मकान का लिंटर खोलते समय पैर फिसलने के कारण छत से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूर को सीएचसी पटियाली ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव औरंगाबाद निवासी विवेक (25) पुत्र किशनपाल राठौर रविवार को गांव नगला अजीत निवासी वीरेंद्र पुत्र महावीर के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने गया था। रविवार शाम करीब 5:40 बजे मकान का लिंटर खोलने का काम चल रहा था।
इसी दौरान अचानक मजदूर का पैर फिसल गया और वह छत से गिर गया। हादसे में मजदूर बुरी तरह घायल हो गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में मौके पर मौजूद अन्य मजदूर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली लेकर पहुंचे। वहां शाम करीब 6:30 बजे चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मकान मालिक और अन्य मजदूरों से हादसे के बारे में पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र पाल सिंह ने बताया कि निर्माणाधीन मकान का लिंटर खोलते समय मजदूर का पैर फिसल गया था। इससे उसकी गिरकर मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।