कासगंज। पटियाली के रम्पुरा गांव में बिजली मीटर की केबल काटने का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने महिला और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज की। जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पटियाली कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पटियाली क्षेत्र के गांव रम्पुरा निवासी मोहनी देवी पत्नी रामू जाटव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव का आरोपी संजीव चौहान उर्फ जंगा उनके घर के गेट पर लगे बिजली मीटर की केबल काटने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालीगलौज की। साथ ही महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें और उनके परिवार को परेशान करने की धमकी भी दी। उन्होंने डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
सीओ पटियाली अमित कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी संजीव चौहान उर्फ जंगा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।