फोटो62मृतक अरुण कुमार का फाइल फ़ोटो।
पटियाली। गांव मिहोला में गंगा नदी में डूबे किशोर का शव बृहस्पतिवार को दोपहर बरामद हो गया। फ्लड यूनिट और गोताखोरों की मदद से शव को गंगा से बाहर निकाला गया। किशोर अपनी ननिहाल में आया हुआ था। शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
कस्बा गंजडुंडवारा के मोहल्ला धनपाल निवासी अरुण कुमार (16) पुत्र जनक सिंह मंगलवार को अपनी ननिहाल गांव मिहोला आया था। बुधवार दोपहर वह गांव के कुछ बच्चों विवेक, कालू और शिवम के साथ गंगा में नहाने चला गया। नहाने के दौरान अरुण गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना के बाद उसके साथ गए बच्चे घबरा गए। डर के कारण उन्होंने अरुण के कपड़ों को पास के मक्का के खेत में छिपा दिया और बिना किसी को जानकारी दिए अपने-अपने घर चले गए। शाम तक अरुण के घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
जब परिजनों को जानकारी मिली कि वह गांव के बच्चों के साथ गंगा गया था तो बच्चों से पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने पहले कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। बाद में ग्रामीणों द्वारा कपड़े छिपाते देखे जाने की बात सामने आने पर सख्ती से पूछताछ की गई, तब बच्चों ने घटना की जानकारी दी।
सूचना पर गोताखोरों ने बुधवार रात तक तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। बृहस्पतिवार को फ्लड यूनिट और गोताखोरों ने फिर से तलाश शुरू कर दी। दोपहर के समय शव गंगा से बरामद हो गया।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष चंचल सिरोही, राजस्व निरीक्षक मुन्नालाल भारती और लेखपाल शाहरुख खान मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।