गोदाम पर संदिग्ध परिस्थिति में कर्मचारी की माैत हो गई। सूचना पर परिजन और पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कासगंज में सोरोंजी के सहावर गेट पर व्यापारी दिनेश पलतानी के गोदाम में कार्य करने वाले कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कस्बे के चंदन चौक निवासी वरुण पुत्र सुल्लो (18) के रूप में हुई। वह हाल ही में तीर्थयात्रा से काम पर लौटा था।
विज्ञापन
गोदाम पर अपने चचेरे भाई सुमित पुत्र सत्यदेव व प्रकाश पुत्र रामसिंह निवासी चम्पावत उत्तराखंड के साथ काम करता था। रात्रि में तीनों लोग खाना खाने के बाद 11 बजे गोदाम पर ही सो गए थे। सुबह 7 बजे सुमित ने वरुण को आवाज दी, लेकिन वह नहीं उठा। देखा तो वह मृत था।
सुमित ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक जगदीश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उहोंने बताया कि युवक की मौत के मामले की जांच की जा रही है। सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी।