कासगंज। सोरोंजी विकास खंड के गांव गऊपुरा में गंभीर जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बन गई है। प्राथमिक विद्यालय और शहीद आर्येंद्र के घर के पास जल निकासी का कोई पुख्ता इंतजाम न होने के कारण रास्तों और घरों के आसपास गंदा पानी जमा रहता है।
लंबे समय से रुके इस पानी से उठने वाली दुर्गंध और बढ़ते मच्छरों के प्रकोप ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। शहीद आर्येंद्र की मां राजकुमारी, जो खुद तीन दिन से बुखार से पीड़ित हैं ने बताया कि ओवरफ्लो हुआ नाले का पानी उनके घर के अंदर तक भर जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान, सचिव और जिलाधिकारी तक गुहार लगाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीण देवेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं हुआ।
बरसात के दिनों में रास्तों से निकलना दूभर हो जाता है। ग्रामीणों को डर है कि इस स्थिति से कभी भी कोई गंभीर संक्रामक रोग फैल सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल पानी की निकासी, नालियों की सफाई और दवा के छिड़काव की मांग की है।