फोटो 32- बिहारी नगला में जर्जर हाल सड़क और जलभराव।स्रोत संवाद
सोरोंजी। ग्राम पंचायत मल्लाहनगर के बिहारी नगला गांव में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से ग्रामीण बेहद परेशान हैं। गांव में सड़कें कच्ची हैं और गलियों में खड़ंजा व नालियां न बनने से चारों तरफ जलभराव और दलदल जैसी स्थिति बनी हुई है। इस कारण बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण सचिन मौर्य ने बताया कि सरकारी स्कूल के पास का रास्ता भी कच्चा होने से बच्चों का सफर जोखिम भरा रहता है। गांव में इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़े हैं और रात के समय रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट की भी कोई व्यवस्था नहीं है। जलभराव और गंदगी के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीण अनुज मौर्य और रामवीर मौर्य ने जलभराव व अन्य समस्याओं के तुरंत निस्तारण की मांग की है। इस संबंध में ग्राम प्रधान सत्यवती का कहना है कि नालियों और खड़ंजे के निर्माण का प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। बजट स्वीकृत होते ही सभी कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।