कासगंज। सहावर विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत चांडी में 9 अप्रैल को गांव के तीन लोगों ने निर्माणाधीन नाले की दीवार तोड़ दी थी। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने ग्राम प्रधान की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है।
ग्राम प्रधान अशोक कुमार का आरोप है कि 9 अप्रैल को शाम 5:30 बजे वह अपने खेतों पर काम कर रहे थे। तभी गांव के लोगों ने सूचना दी कि आशाराम, रुपेंद्र कुमार और योगेंद्र नामक लोग निर्माणाधीन नाले की दीवार तोड़ रहे हैं। जब वह मौके पर पहुंचे, तो ये लोग 20-25 मीटर दीवार तोड़ चुके थे।
आशाराम के हाथ में फावड़ा, रुपेंद्र के हाथ में सब्बल और योगेंद्र के हाथ में सरिया था। प्रधान ने जब दीवार तोड़ने का विरोध किया तो सभी ने गाली-गलाैज की। जान से मारने की धमकी दी और उन पर हमला करने को दौड़े। माैके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। सीओ सहावर शाहिदा नसरीन ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर पर आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।