गंजडुंडवारा के निजी अस्पताल में भर्ती करंट की चपेट में आने से झुलसा युवक । संवाद
गंजडुंडवारा। क्षेत्र के गांव रारा में जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारी के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हाथों में स्टील की रॉड पर धार्मिक झंडा बांधकर जुलूस में शामिल होने जा रहे दो युवक गांव में नीचे लटक रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए जिन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। समय पर इलाज मिलने से अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
गांव रारा निवासी इकलास (25) पुत्र नकी खान और मुस्लिम (20) पुत्र मुकद्दर अली ईद-मिलादुन्नबी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस में शामिल होने जा रहे थे। दोनों युवक जैसे ही हाथों में स्टील की रॉड वाला झंडा लेकर गली में बाहर आए, ऊपर से गुजर रही नीची हाईटेंशन लाइन से रॉड टकरा गई।
इससे वे करंट की चपेट में आ गए। युवकों के झुलसते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को गंजडुंडवारा के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई है।
-
सात महीने पहले भी हो चुका है हादसा
इस घटना के बाद से ग्रामीणों में विद्युत निगम के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में हाईटेंशन लाइन काफी समय से नीचे लटक रही है लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 7 महीने पहले इसी जगह पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से प्यारे (32) पुत्र बाबू की मौत हो चुकी है।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों से तारों को ऊंचा करने या हटाने की गुहार लगाई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निगम ने जल्द ही इस लटकती हाईटेंशन लाइन को ठीक नहीं किया तो पूरा गांव उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।
गंजडुंडवारा के निजी अस्पताल में भर्ती करंट की चपेट में आने से झुलसा युवक । संवाद
गंजडुंडवारा के निजी अस्पताल में भर्ती करंट की चपेट में आने से झुलसा युवक । संवाद