कासगंज। ठंडी सड़क पर लक्ष्मीगंज में दो मजदूर शुक्रवार की दोपहर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों निर्माणाधीन दुकान में मजदूरी कर रहे थे। इस दौरान लोहे की सरिया अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। इससे दोनों तेज करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुल्तान निवासी मक्खन लाल (48) पुत्र भूदेव और गांव नदरई निवासी मुख्तयार (55) पुत्र स्वर्गीय जुम्मन खां शुक्रवार की दोपहर करीब 3:30 बजे लक्ष्मीगंज स्थित एक निर्माणाधीन दुकान में मजदूरी कर रहे थे।
इस दौरान लोहे की सरिया उठाते समय दुकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। इससे दोनों मजदूर तेज करंट लगने से झुलस गए। मौके पर मौजूद मुनीम गंगाराम ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि दो मजदूरों को करंट से झुलसने के बाद जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था।
इनमें से एक को हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया है। दूसरे का उपचार जारी है।