कासगंज। घने कोहरे का असर लंबी दूरी की साप्ताहिक ट्रेनों पर रविवार को भी देखने को मिला। अहमदाबाद-गोरखपुर और बांद्रा-लखनऊ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से विलंब से कासगंज जंक्शन पहुंचीं। ट्रेनों के लेट होने से ठंड में यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। पहाड़ो पर बर्फबारी के चलते लगातार मौसम में बदलाव हो रहा है। बर्फीली हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने का असर ट्रेनों के संचालन पर देखा गया। अहमदाबाद से गोरखपुर जा रही एक्सप्रेस तड़के 3:20 बजे के बजाय 15 मिनट की देरी से 3:35 बजे कासगंज जंक्शन पहुंची। बांद्रा से लखनऊ जाने वाली एक्सप्रेस सुबह 7:40 बजे के बजाय 7:50 बजे स्टेशन पर पहुंची, इससे करीब 10 मिनट का विलंब हुआ। मोहल्ला जय-जयराम निवासी यात्री सुधीर कुमार ने बताया कि बांद्रा-लखनऊ एक्सप्रेस से लखनऊ जाना था, लेकिन ट्रेन की देरी से परेशानी हुई।