ट्रैक्टर की टक्कर से पोल महिला पर गिरा, मौत
शहर कोतवाली क्षेत्र के नगला ताली गांव निवासी श्रीदेवी (45) सोमवार की देर शाम लगभग आठ बजे अपने घर के बाहर बैठी हुई थीं। तभी गांव का ही कालीचरन ट्रैक्टर लेकर वहां से निकला। उसकी टक्कर से विद्युत पोल गिर पड़ा। पोल श्रीदेवी के ऊपर जा गिरा। इससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना पर परिजन और अन्य ग्रामीण एकत्रित हो गए।
लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ट्रैक्टर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा कर की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रवेश राणा ने बताया कि विद्युत पोल महिला के ऊपर से गिरने से उसकी मौत हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
बाइक की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा, चालक सहित दो घायल
शहर कोतवाली क्षेत्र के नदरई निवासी निवासी कुलदीप (12) पुत्र रामबाबू ई-रिक्शा लेकर नदरई से कासगंज आ रहा था। उसमें नदरई गेट निवासी मुन्नालाल (75) भी सवार थे। नदरई से कुछ दूरी पर पहुंचते ही ई-रिक्शा में एक बाइक अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी। इस दौरान ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक कुलदीप एवं मुन्नालाल दोनों ही घायल हुए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी होने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल से चालक कुलदीप को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। लोगों के बीच नाबलिग के द्वारा ई-रिक्शा चलाए जाने को लेकर चर्चा था।