फोटो04सहावर पुलिस की हिरासत में दुष्कर्म के आरोपी । स्रोत:पुलिस मीडिया सेल
सहावर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवती से दुष्कर्म करने, उसका वीडियो बनाने और शिकायत करने पर जान से मारने व वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बाकी बचे आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पीड़ित युवती ने 18 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके अनुसार, 12 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे वह तबीयत खराब होने की वजह से शौच के लिए खेत की तरफ जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही अनुराग उर्फ छुट्टा, अमन, आदित्य और एटा जिले के बगोना गांव के रहने वाले शिवम सहित अन्य लोगों ने उसे जबरन रोक लिया। इसके बाद अनुराग उर्फ छुट्टा और शिवम ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि अमन और आदित्य ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। पीड़िता का कहना है कि वारदात के बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और किसी से शिकायत करने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने को कहा। रिपोर्ट में विवेक पचौरी और राजवीर नाम के दो अन्य लोगों पर भी लगातार फोन करने और घर आकर धमकाने का आरोप है। सहावर के क्षेत्राधिकारी दुर्गेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शनिवार रात मुख्य आरोपी शिवम को और रविवार सुबह ग्राम खुरियाई, थाना सहावर निवासी दूसरे आरोपी अनुराग उर्फ छुट्टा को गिरफ्तार कर लिया है। संवाद