सोरोंजी। तीर्थनगरी के हरि की पाैड़ी स्थित पांच छतरी आरती घाट पर बृहस्पतिवार देर शाम एक जर्जर व सूखा पेड़ अचानक विद्युत लाइनों पर जा गिरा। पेड़ के वजन से बिजली का पोल टूटकर जमीन पर आ गया जिससे दो मकानों की छत की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के वक्त मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालु बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ गिरने से मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि तीन माह पहले भी लाल घाट पर एक सूखा पेड़ पिंडदान कर रहे श्रद्धालुओं पर गिर चुका है जिसमें दो लोग घायल हुए थे।
इसके बावजूद प्रशासन द्वारा परिक्रमा मार्ग और घाटों के आसपास खड़े जर्जर पेड़ों को हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वर्तमान में भी परिक्रमा मार्ग पर आधा दर्जन विशाल सूखे पेड़ खड़े हैं जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
शिव वेंदेल, प्रिंस शर्मा और सत्यदेव तिवारी सहित अन्य नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल इन गिरासू पेड़ों का सर्वे करवाकर इन्हें हटाने की मांग की है।