मोहनपुरा। कस्बा के हाईवे बाईपास पर लगा ट्रांसफार्मर 24 अप्रैल को जल गया था। 28 अप्रैल को मरम्मत के बाद इसे दोबारा लगाया गया। यह ट्रांसफार्मर एक दिन भी विद्युत आपूर्ति का भार नहीं झेल सका। 29 अप्रैल बुधवार रात को यह फिर से जल गया।
इससे करीब 100 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। हाईवे बाईपास पर 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। इससे स्टेट बैंक गली और मुख्य बाजार समेत आसपास के इलाकों को बिजली मिलती है। क्षेत्र में अधिक विद्युत भार के कारण यह समस्या आ रही है। ग्रामीणों ने विद्युत निगम के अधिकारियों से शिकायत की थी।
बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। कस्बा निवासी गौरव ने बताया कि 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है, जबकि भार काफी ज्यादा है। गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने पर ट्रांसफार्मर भार नहीं झेल पा रहा है। प्रेमचंद्र ने कहा कि जब तक 250 केवीए का ट्रांसफार्मर नहीं लगता, तब तक ऐसी परेशानी रहेगी। अवर अभियंता सुरेश चंद्र ने 250 केवीए के नए ट्रांसफार्मर के लिए मांग भेज दी गई है।