फोटो11कासगंज में रात के समय कोहरा में लाइट जलाकर गुजरते वाहन । संवाद
कासगंज। रात में कोहरे की चादर और दिन में धुंध ने आम लोगों की आवाजाही खासी प्रभावित की। हवा से गलन और ठंड बढ़ गई है। धूप हल्की रहने से लाेगों को ठंड से राहत नहीं मिली। अधिकतम पारा 18 डिग्री रिकार्ड हुआ। इससे सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा।रात 9 बजे ही कोहरा छाने लगा। बाहरी इलाकों में कोहरा घना होने से दृश्यता कम हो गई। इससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। सुबह कोहरे का असर कुछ कम हुआ, लेकिन धुंध बनी रही। इससे सुबह 9 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हो सके। शीतल हवाओं के चलने से धुंध कम होने पर सूरज ने दर्शन तो दे दिए, लेकिन धूप काफी हल्की रही। गलन बढ़ने से लोग ठंड से ठिठुरते रहे। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान में लगभग 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह 18 डिग्री तक ही पहुंच सका। इसके चलते लोगों को धूप के बावजूद ठंड से राहत नहीं मिली। लोग बता रहे हैं कि सुबह-शाम बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, खासकर बुजुर्ग और बच्चे ठंड से प्रभावित हो रहे हैं।