कासगंज। जिले की सड़कों पर चलने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर अब परिवहन विभाग की पैनी नजर है। बिना नंबर प्लेट के वाहन लेकर निकलने वालों पर सख्त कार्रवाई हाेगी। ऐसे वाहनों को तुरंत सीज कर किया जाएगा।
जिले में सात हजार से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पंजीकृत हैं, जिनमें से बड़ी संख्या बिना नंबर प्लेट के ही चलती है। एआरटीओ आरपी मिश्रा ने बताया कि ये वाहन यातायात नियमों को तोड़ने के साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा हैं। दुर्घटना या उल्लंघन की स्थिति में इनकी पहचान मुश्किल हो जाती है, इसलिए अब सख्त अभियान चलाया जाएगा।
_____________________
ट्रॉली पर भी अनिवार्य होगी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट
अब सिर्फ ट्रैक्टर के आगे-पीछे ही नहीं, बल्कि पीछे जुड़ी ट्रॉली पर भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसएनपी) लगाना अनिवार्य होगा। सभी ट्रैक्टर मालिकों को निर्देश दिए हैं कि समय रहते नंबर प्लेट लगवा लें और वाहन के सभी कागजात पूरे रखें, वरना भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
_____________
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
हाल ही में चेकिंग अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट और सवारियां बैठाने पर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। कार्रवाई के बाद के बाद भी कई लोग नहीं सुधरे हैं।
__________
अब और तेज होगा चेकिंग अभियान
सड़क सुरक्षा मजबूत करने के लिए जिलेभर में बड़ा चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। बिना नंबर प्लेट पकड़े जाने पर वाहन सीज होगा और 5 हजार रुपये का जुर्माना भी देना होगा। समझदारी यही है कि कार्रवाई से पहले ही ट्रैक्टर-ट्रॉली नियमों के दायरे में ले आई जाए।
बढ़ती दुर्घटनाएं बनी वजह
जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाली दुर्घटनाओं में बच्चों सहित कई लोगों की जान जा चुकी है। अधिकांश ट्रॉलियों पर नंबर न होने के कारण आरोपी चालक आसानी से भाग निकलते हैं, जिससे उन्हें ट्रेस करना मुश्किल होता है। यही वजह है कि नियम पहले से अधिक सख्त कर दिए गए हैं।
हालिया घटनाएं
केस एक
बीती 21 मई को गांव फरीदपुर निवासी पूरन सिंह का बेटा दिव्यांश (8) रोड किनारे बच्चों के साथ खेल रहा था। इस दौरान मिट्टी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया था। इससे उसकी मौत हो गई थी।
केस दो
बीती 13 मई को अमांपुर मार्ग पर केए पीजी कॉलेज के पास तेज रफ्तार ईंटो से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूल की छुट्टी होने के बाद साइकिल से जा रहे गांव मामो निवासी जितेंद्र कुमार (14) पुत्र दुर्बेश कुमार को कुचल दिया था। इससे उसकी मौत हो गई थी।
केस तीन
बीती 3 मई को ढोलना के गांव सेवर निवासी किशनपाल के पुत्र प्रियांशु (10) को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया था। वह बिलराम से साइकिल ठीक कराकर घर लौट रहा था।