कासगंज। सोरोंजी थाना क्षेत्र में सलेमपुर बीबी से आगे भौपुर गांव के पास रविवार की रात ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक से दावत खाने जा रहे एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सोरोंजी के गांव फतेपुर कला निवासी धर्मेंद्र (18) पुत्र राजेश यादव और गुलशन (16) पुत्र रघुवीर रविवार की रात करीब 8 बजे बाइक से गांव धेलासराय में एक दावत में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान भौपुर गांव के पास उनकी बाइक को एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे में धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके साथी को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा। सोरोंजी प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।