Kasganj News: गंगा दशहरा पर स्नान करते समय तीन लोग गंगा में डूब गए
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के कासगंज में गंगा दशहरा के मौके पर गंगा स्नान करने के दौरान दो अलग-अलग घाटों पर छह लोग गंगा में डूब गए। इसमें तीन को गोताखोरों ने बचा लिया। जबकि, तीन अभी लापता हैं। गोताखोर देर रात तक उनकी तलाश में जुटे रहे। प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
दो लड़के लापता हो गए
गंगा स्नान करते समय चार किशोर उम्र बच्चे व एक युवक कादरगंज गंगा घाट पर डूब गए। डूबते लोगों पर अन्य लोगों की नजर पड़ी तो चीख पुकार मच गई। गोताखोरों ने तीन को बचा लिया जबकि दो लापता हो गए। लापता हुए लोगों में विपिन (18) पुत्र रामभजन निवासी बघराई एवं किशोर उम्र महाबली (14) पुत्र कंचन निवासी नगला रघी लापता हो गए। सायं तक इन दोनों की तलाश जारी थी।
तीन को गोताखोरों ने बचा लिया
इसी घाट पर अवनीश (17) पुत्र मुन्ना लाल, मोहित (14) पुत्र प्रेमपाल निवासी नगला रघी, पप्पू (11) निवासी कंपिल को गोताखोरों ने बचा लिया। बताया गया कि नगला रघी से ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर गंगा स्नान के लिए गांव के लोग पहुंचे थे। गंगा स्नान करते समय यह हादसा हुआ। सिकंदरपुर वैश्य थाना पुलिस व पटियाली तहसील के अधिकारी मौके पर दोनों की तलाश करा रहे थे।
लापता युवक की तलाश जारी
वहीं सोरोंजी थाना क्षेत्र के अल्लीपुर बरबारा गंगा में स्नान करते समय धर्मवीर (22) पुत्र किताब सिंह निवासी पचौरा जंगल अपने दो दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने गया था। तभी गहरे पानी में जाने से गंगा में डूब गया। यह हादसा भी दोपहर के समय हुआ। देर सायं तक उसकी तलाश जारी रही। सोरोंजी इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि लापता युवक की तलाश जारी है।