फोटो44सहावर गेट सत्तार बैंड वाली गली के पास टूटी पाइप लाइन को ठीक करते कर्मी। संवाद
कासगंज। सहावर गेट स्थित सत्तार बैंड गली के पास पुलिया तोड़ने के दौरान लापरवाही से पेयजल की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने से हजारों लीटर पानी नाले में बह गया। इससे खईया गली, बसंत लाल गली और मोहल्ला जय-जयराम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई है।
स्थानीय लोगों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सत्तार बैंड गली के पास पुरानी पुलिया को तोड़ने का कार्य चल रहा था लेकिन इसे तोड़ते समय पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर कोई सावधानी नहीं बरती गई। मलबे के सीधे पाइपलाइन पर गिरने से वह टूट गई।
गली बसंत लाल निवासी सुरेश ने बताया कि पुलिया तोड़ने में बरती गई लापरवाही के कारण पाइपलाइन टूटी है। घरों की आपूर्ति ठप हो गई। वहीं, गली खईया निवासी मोहम्मद आसिफ ने बताया कि पेयजल संकट इतना गहरा गया है कि लोगों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए बाजार से पानी के कैंपर खरीदकर लाने पड़ रहे हैं।
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि बाधित पेयजल आपूर्ति को सुचारू किया जा सके।
-
वर्जन :
सहावर गेट सत्तार बैंड गली के पास पुलिया निर्माण चल रहा है। नगर पालिकाकर्मी पाइपलाइन की मरम्मत करने में लगे हुए हैं। शीघ्र ही मरम्मत का कार्य पूरा कर पेयजल आपूर्ति को बहाल किया जाएगा। - मीना माहेश्वरी,चयेरमैन नगर पालिका परिषद कासगंज