फोटो49सिढ़पुरा की ग्राम पंचायत शेखूपुरा में निरीक्षण करने पहुंचे डीपीआरओ राजेश चौरसिया। स्रोत
कासगंज/सिढ़पुरा। जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश चौरसिया बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत शेखूपुरा में इंटरलॉकिंग रोड निर्माण में अनियमितता की शिकायत की जांच करने पहुंचे। इस दौरान उनके सामने ही ग्राम प्रशासक ने शिकायतकर्ता को थप्पड़ जड़ दिया। विवाद के बाद डीपीआरओ ने पंचायत सचिव को निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए हैं।
गांव शेखुपुरा निवासी पुष्पेंद्र ने गांव में बनाई जा रही इंटरलॉकिंग सड़क में अनियमितता की शिकायत की थी। इसकी जांच करने के लिए डीपीआरओ बृहस्पतिवार की दोपहर गांव पहुंचे। डीपीआरओ ने बताया कि इसी दौरान ग्राम प्रशासक गीतम सिंह ने शिकायतकर्ता को थप्पड़ मार दिया।
विवाद के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। डीपीआरओ ने पंचायत सचिव रजनेश को जांच पूरी होने तक सड़क का निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
वहीं, ग्राम पंचायत भुजपुरा में बीते वित्तीय वर्ष में कराए गए विकास कार्यों की शिकायत के लिए जांच को पहुंचे। इस दौरान शिकायतकर्ता मौके पर नहीं मिले और उन्हाेंने ग्राम प्रशासक ग्रीश चंद्र और सचिव अजीत यादव से पूछताछ की। इसके बाद वह ग्राम पंचायत बल्हारपुर में पहुंचे। वहां सीएससी केंद्र के निर्माण के बारे में सचिव प्रदीप शर्मा से पूछताछ की और निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी की।
-
वर्जन :
विकास खंड सिढ़पुरा की ग्राम पंचायत शेखूपुरा में कराई जा रही इंटरलॉकिंग रोड निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर जांच के लिए गए थे। वहां पर प्रशासक ने शिकायत कर्ता को थप्पड़ मार दिया। जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य को रोके जाने के पंचायत सचिव को निर्देश दिए हैं। -राजेश चौरसिया, डीपीआरओ कासगंज।