फोटो14 सोरोंजी के मेला मार्गशीर्ष में लगी लोगों की भीड़। संवाद
सोरोंजी। तीर्थनगरी में चल रहे प्रांतीय मार्गशीर्ष मेले को देखने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से भारी भीड़ उमड़ रही है। जबकि शहरी क्षेत्र के लोग रात में मेले की रौनक का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। पूरे मेला परिसर में सतरंगी रोशनी से सराबोर है। हरि की पौड़ी और क्षेत्राधीश वराह मंदिर की मनोहारी छटा लोगों को आकर्षित कर रही है। श्रद्धालु सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर खूब साझा कर रहे हैं।दूरदराज से आए श्रद्धालु पहले हरि की पौड़ी पर गंगा स्नान कर भगवान वराह को प्रसाद अर्पित कर मनौतियां मांग रहे हैं। मार्गशीर्ष मास में शूकरक्षेत्र की पंचकोसी परिक्रमा का विशेष महत्व है। लोग परिक्रमा करते हुए ओम जय गंगे और ओम जय वराह के जयकारे लगा रहे हैं।
मार्गशीर्ष मेले में मनोरंजन का भरपूर इंतजाम है। सर्कस, जादू शो और ऊंचे झूले रोमांच का अहसास करा रहे हैं। वहीं बच्चे ड्रैगन ट्रेन और मिनी अप्पूघर में जमकर मस्ती कर रहे हैं। मेले में लोग विशेष रूप से नारंगी और खजला की खरीदारी करना नहीं भूल रहे।
घर में उपयोग होने वाली वस्तुओं बक्से, पत्थर के सिल-बट्टा, चक्की के अलावा कालीन, कंबल, खेल सामग्री, चमड़े के सामान, किचन आइटम की खूब बिक्री हो रही है। महिलाएं सौंदर्य सामग्री की भी खरीदारी कर रही है।
मार्गशीर्ष मेले का आयोजन 23 दिसंबर तक चलेगा। बुधवार को को नागा साधुओं का शाही स्नान एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि अंतिम स्नान पर्व पूर्णिमा 4 दिसंबर को होगा।
फोटो14 सोरोंजी के मेला मार्गशीर्ष में लगी लोगों की भीड़। संवाद