कासगंज। स्थाई निकाय सफाई मजदूर संघ ने मांगे पूरी नहीं होने पर शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में आयुक्त अलीगढ़ मंडल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। संघ के जिलाध्यक्ष सोनू भंडारी के नेतृत्व में 13 जनवरी को सफाई कर्मियों की आठ सूत्रीय मांग को लेकर एक दिवसीय धरना दिया गया था। तीन दिन बीत जाने के बाद भी उनकी मांगे पूरी नहीं हुई। इस संबंध में शनिवार को सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने मांग की कि कड़ाके की ठंड में भी सफाई कर्मचारियों को ऊनी वर्दी तीन-चार वर्ष से नहीं मिली है। इसके साथ ही ठेका कर्मचारियों को तीन माह से लंबित वेतन का भुगतान कराया जाए। दो वर्ष का ईपीएफ बकाया भी शीघ्र जमा किया जाए। ठंड के मौसम में सुबह छह बजे की उपस्थिति को बंद कराई जाए। इस दौरान मुकेश वाल्मीकि, आकाश कुमार, सुखराम, तरुण प्रसाद, मुकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।