कासगंज। मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम और बचाव के लिए भले ही बड़े पैमाने पर संचारी रोग अभियान चलाए जा रहे हों, लेकिन धरातल पर ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर इन दावों से कोसों दूर नजर आ रही है।
गांवों में जगह-जगह जलभराव, तालाबों में उगी बेहिसाब झाड़ियां और साफ-सफाई का अभाव मच्छरों के पनपने के लिए पूरी तरह अनुकूल माहौल तैयार कर रहे हैं। हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गंगागढ़ से सागरपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है।
रास्ते में पानी भरा होने के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जमा हुए इस गंदे पानी के आसपास मच्छरों का भारी प्रकोप है। गांव में अब तक चार लोग डेंगू संक्रमित पाए जा चुके हैं।
कुछ ऐसी ही बदहाल स्थिति गांव छावनी के तालाब की भी है, जो ग्रामीणों की चिंता को लगातार बढ़ा रहा है। तालाब के अंदर और चारों तरफ बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी हुईं हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां नियमित रूप से साफ-सफाई न होने के कारण लगातार गंदगी फैल रही है।
तालाब के पानी और झाड़ियों के बीच पनप रहे मच्छरों के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है लेकिन प्रशासनिक स्तर पर इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
-
क्या बोले ग्रामीण
गांव छावनी के तालाब लंबे समय से साफ-सफाई के अभाव में कूड़ा-करकट, गंदगी एवं खरपतवार से पूरी तरह भर चुका है। शिकायत के बाद भी निदान नहीं हुआ। - विपिन शर्मा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य
शाम होते ही मच्छरों की संख्या बढ़ जाती है। गांवों में नियमित सफाई, जलभराव की निकासी और मच्छरों से बचाव के लिए छिड़काव की जरूरत है। - सुशील कुमार, छावनी
गांव में डेंगू फैल रहा है। यहां पानी की निकासी के कोई इंतजाम नहीं हैं। जलभराव होने से सभी को काफी परेशानी हो रही है। - अनीता देवी, गंगागढ़
मार्ग पर पानी भरा होने से लोगों को आवागमन की समस्या बनी रहती है। गंदे पानी से होकर ही लोगों को निकलना पड़ रहा है। इससे संक्रमण का खतरा रहता है। - निशा देवी, ग्रामीण
वर्जन
संचारी रोग अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई के लिए टीमें भेजी जा रही हैं। जल्द ही सभी ग्राम पंचायतों में सफाई का कार्य पूरा हो जाएगा। - राजेश चौरसिया, डीपीआरओ
फोटो 10 गांव गंगागढ़ में जलभराव से होकर सिर पर गठरी ले जाती महिला। स्रोत: संवाद
फोटो 10 गांव गंगागढ़ में जलभराव से होकर सिर पर गठरी ले जाती महिला। स्रोत: संवाद
फोटो 10 गांव गंगागढ़ में जलभराव से होकर सिर पर गठरी ले जाती महिला। स्रोत: संवाद
फोटो 10 गांव गंगागढ़ में जलभराव से होकर सिर पर गठरी ले जाती महिला। स्रोत: संवाद
फोटो 10 गांव गंगागढ़ में जलभराव से होकर सिर पर गठरी ले जाती महिला। स्रोत: संवाद