कासगंज। सोरों के गांव कंडेलगंज में मंगलवार रात किशोर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजन को शव गली में पड़ा मिला। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
गांव कंडेलगंज निवासी श्याम सुंदर (16) पुत्र किशनलाल का शव मंगलवार रात 9 बजे गली में पड़ा मिला। पिता किशनलाल ने बताया कि बेटा कक्षा 9 का छात्र था। उन्होंने बताया कि गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के सदस्य गए थे। बेटा श्याम सुंदर भी साथ गया था। देर रात 9 बजे उसकी मां शीला घर लौटीं तो घर के पास गली में उनका बेटा मृत अवस्था में पड़ा मिला। उनकी चीखपुकार सुनकर अन्य लोग दौड़ पड़े।
किशोर की मौत की सूचना किसी ने फोन कर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। किशोर के परिजन व अन्य लोगों से पुलिस ने उसकी मौत के बारे में पूछताछ की। पुलिस कर्मियों ने शव को कब्जे में ले लिया। पिता ने बताया कि तीन भाइयों में श्यामसुंदर दूसरे नंबर का था। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। उसकी मौत के बार परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि मृतक किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उसकी मौत के मामले में जांच की जा रही है।