फोटो44गंजडुंडवारा के प्राथमिक विद्यालय मूंजखेड़ा में भरा बाढ़ का पानी। संवाद
कासगंज। बाढ़ का पानी स्कूल परिसरों में पहुंचने से परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित विद्यालयों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। बीएसए ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला नरपत और मूंजखेड़ा पहुंचकर विद्यालय परिसरों में भरे पानी की स्थिति देखी। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने संबंधित विद्यालयों में अस्थायी छुट्टी के निर्देश दिए। वहीं राजेपुर कुर्रा में भी विद्यालय परिसर में पानी भरने की सूचना मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी को बच्चों की छुट्टी कराने के निर्देश दिए गए। बीएसए ने विद्यालयों में तैनात शिक्षकों को आवश्यकता के अनुसार नगर क्षेत्र के विद्यालयों में व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि स्कूल परिसर में पानी जमा होने से बच्चों में संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में परिस्थितियां सामान्य होने तक बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जलभराव समाप्त होने और हालात सामान्य होने के बाद विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था सुचारू कर दी जाएगी।