कासगंज। सोशल मीडिया के अलर्ट पर शनिवार तड़के पुलिस ने एक युवक को जान देने से बचा लिया। युवक ने इंस्टाग्राम पर गुड बाय लिखकर कीटनाशक पीते हुए वीडियो पोस्ट किया था। मेटा कंपनी ने इसका अलर्ट डीजीपी मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर को भेजा। मुख्यालय से लोकेशन और अलर्ट मिलने पर जिला पुलिस ने 10 मिनट के अंदर युवक के घर पहुंचकर उसकी जान बचा ली।पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाला एक युवक निजी अस्पताल में कार्यरत है। उसकी पत्नी पिछले 6 महीने से मायके में रह रही थी। बार-बार बुलाने पर भी नहीं आ रही थी। इसी पारिवारिक कलह और अकेलेपन के कारण वह गहरे अवसाद में चला गया। उसने शनिवार तड़के करीब 3:18 बजे इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह शीशी से कीटनाशक पीता नजर आ रहा था। इसके साथ पोस्ट पर गुड बाय लिखा था। इस पोस्ट के अपलोड होते ही मेटा कंपनी ने पुलिस महानिदेशक मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ईमेल के जरिए अलर्ट भेजा। मुख्यालय से मिले अलर्ट और मोबाइल लोकेशन के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम मात्र 10 मिनट में युवक के घर पहुंच गई। जब पुलिस युवक के कमरे में दाखिल हुई तो वह बुरी तरह खांस रहा था। उसके हाथ में कीटनाशक की शीशी थी। पुलिस ने बिना देरी किए परिजन के सहयोग से उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। पूछताछ में अवसाद के कारण ऐसा कदम उठाने की बात कही। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने युवक की काउंसलिंग की। उसे जीवन का महत्व समझाया। युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया। युवक के परिजन ने पुलिस की संवेदनशीलता के लिए उनका आभार व्यक्त किया।