फोटो40नगर पालिका स्थित मंदिर में दैवीय चित्र पर काखिल पौते जाने के बाद आक्रोश जताते लोग।सं
कासगंज। नगरपालिका परिसर स्थित मंदिर में देवताओं के चित्रों पर कालिख पोते जाने की सूचना से मंगलवार को सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश पनप गया। हालांकि, पुलिस की जांच में यह मामला धार्मिक विवाद का नहीं बल्कि पेंटिंग के बकाया भुगतान को लेकर उपजे विवाद का निकला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पेंटर को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं के तहत एसडीएम के समक्ष पेश किया।
मोहल्ला नाथूराम निवासी ठेकेदार सुनील कुमार गुप्ता ने जन्माष्टमी से पहले नगरपालिका परिसर स्थित मंदिर में पेंटिंग का काम ततारपुर कॉलोनी निवासी पेंटर मुकेश को सौंपा था। पेंटर मुकेश का आरोप है कि उसका कुल सौदा 14 हजार रुपये में तय हुआ था, जिसमें से सात हजार रुपये का भुगतान शेष था। बार-बार तकादा करने के बावजूद जब ठेकेदार ने पैसे नहीं दिए, तो गुस्से में आकर उसने मंदिर के देवी-देवताओं के चित्रों पर काले रंग का पेंट पोत दिया।
-
लोग करने लगे पेंट साफ
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने रोष व्यक्त किया। कई सभासद व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और चित्रों से कालिख साफ करने का प्रयास किया। सूचना पर कोतवाली पुलिस और सदर सीओ आंचल चौहान मौके पर पहुंचीं।
वर्जन
स्थिति पूरी तरह सामान्य है। देवताओं के चित्रों की पेंटिंग को दोबारा ठीक कराया जा रहा है। आरोपी मुकेश के खिलाफ कार्रवाई की गई है। - आंचल चाैहान, सीओ सदर
पेंटिंग साफ करवा दी गई है और ठेकेदार के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - विवेक त्रिपाठी, नगर पालिका ईओ