सहावर। सहकारी समिति कार्यालय के पीछे मोहनपुर रोड पर सोमवार को ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्राथमिक बालिका वर्ग में सेजल चांडी ने तीन दौड़ों में प्रथम स्थान हासिल किया जबकि जूनियर बालक वर्ग में रितिक नगला अंडौआ ने दो स्पर्धाओं में बाजी मारी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति गोयल और जिला समन्वयक सुनील यादव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता शुरू कराई। प्राथमिक बालिका वर्ग की 50, 100 और 200 मीटर दौड़ में सैजल चांडी प्रथम रहीं।
जूनियर बालक वर्ग की 100 और 400 मीटर दौड़ में रितिक नगला अंडौआ ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में अर्चित नगला अंडौआ, 100 मीटर में अंशुल बस्तरमऊ और 200 मीटर में राजेश्वर चांडी विजेता रहे।
जूनियर बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में नैतिक मनिकापुर प्रथम रहे। जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में संध्या अभूपुरा, 200 मीटर में कोमल दीपपुर और 400 मीटर में मिथलेश बस्तरमऊ ने बाजी मारी।
कबड्डी प्रतियोगिता के प्राथमिक बालक वर्ग में ताजपुर और जूनियर बालिका वर्ग में मनिकापुर की टीम विजेता रही। समापन पर अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का संचालन पीटीआई मुनेश राजपूत ने किया। निर्णायक मंडल में जिला पीटीआई राजेंद्र सिंह सहित अन्य पीटीआई और शिक्षक शामिल रहे।
इस अवसर पर मंजू सोलंकी, आशुतोष शर्मा, क्षमा पांडेय, कुसुमलता, राजीव, पिंकी, सौरभ, हरकेश वर्मा, तेज प्रकाश, गंगा सिंह आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।