कासगंज। जिले के विद्यालयों में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) के पुनर्गठन की तैयारी शुरू हो गई है। नई समितियों के गठन की प्रक्रिया समय से पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार वर्तमान विद्यालय प्रबंध समितियों का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इसके बाद नई समितियों का पुनर्गठन कराया जाएगा। शासन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 और उत्तर प्रदेश आरटीई नियमावली-2011 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। शासन के अनुसार एसएमसी विद्यालय, अभिभावकों और समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करती है। समिति की जिम्मेदारियों में विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाना और बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार के प्रयास शामिल हैं। इसके अलावा विद्यालय विकास योजना तैयार करने, आधारभूत सुविधाओं के विकास और वित्तीय अनुश्रवण में भी समिति की भूमिका रहती है। एसएमसी को विद्यालयों में बाल अधिकारों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होती है।
शासन के निर्देश पर विद्यालय प्रबंध समिति के गठन की तैयारियां शुरू कर दी है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार समिति बनाई जाएंगी। विकास कुमार सिंह, बीएसए