कासगंज। स्वाइन फ्लू के बढ़ते खतरे के बीच स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय स्तर पर ही जांच सुविधा शुरू करने की बड़ी तैयारी कर ली है। अब संदिग्ध मरीजों के सैंपल बाहर भेजने की आवश्यकता नहीं होगी बल्कि जिले में ही कोरोना काल में तैयार की गई लैब में स्वाइन फ्लू की जांच हो सकेगी।
जिले के बिड़ला अस्पताल में कोविड के दौरान स्थापित बीएसएल लैब-2 में वर्तमान में हेपेटाइटिस मरीजों के वायरल लोड की जांच की जा रही है। इसी मशीन और बुनियादी ढांचे का विस्तार कर अब स्वाइन फ्लू की जांच की व्यवस्था विकसित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए आवश्यक किट, संसाधनों और उपकरणों की मांग भेज दी है।
अधिकारियों के अनुसार, मौसम में बदलाव से वायरल और सांस के संक्रमण बढ़ते हैं, जिसे लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इस स्थानीय जांच सुविधा से रिपोर्ट कम समय में मिलेगी, जिससे संदिग्ध मरीजों के उपचार में उल्लेखनीय तेजी आएगी।
वर्जन
लैब में जांच के लिए मशीन उपलब्ध है। स्वाइन फ्लू की जांच के लिए आवश्यक किट, रसायन की डिमांड भेज दी गई है। लैब में आवश्यक संसाधन उपलब्ध होते ही जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।- डॉ. अजय कुमार, सीएमओ