कासगंज। कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से दो बिछड़ी हुई मासूम बच्चियां सकुशल अपने परिजनों से मिल सकीं। इस सराहनीय कार्य से रेलवे कर्मियों की सजगता का परिचय मिला है।
आरपीएफ उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि 15 जून को प्रतापनगर-लालकुआं समर स्पेशल ट्रेन में यात्रा के दौरान दो बालिकाएं भीड़ अधिक होने के कारण अपने दादा-दादी से बिछड़ गई थीं। परिजनों ने इसकी सूचना हाथरस सिटी स्टेशन मास्टर एवं जीआरपी को दी। इसके बाद संबंधित रेलवे स्टेशनों को अलर्ट किया गया।
सूचना मिलते ही कासगंज स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल मानसिंह मीना ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर सुबह करीब 8:30 बजे समर स्पेशल ट्रेन से दोनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों बालिकाएं अपने परिजनों के साथ गंगा स्नान के लिए जा रही थीं। ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उनके दादा-दादी ट्रेन में नहीं चढ़ सके, जबकि बच्चियां ट्रेन में सवार हो गईं और कासगंज स्टेशन पहुंच गईं।
इसके बाद आरपीएफ कर्मियों तथा उप मुख्य टिकट निरीक्षक राजेंद्र मीणा और मोहित कुमार ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दोनों बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन ने बच्चियों को सकुशल पाकर रेलवे कर्मियों का आभार व्यक्त किया।