फोटो06जिला अस्पताल में भर्ती रोडवेज बस चालक सादाब अली। संवाद
कासगंज। रोडवेज बस स्टैंड पर बृहस्पतिवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। खड़ी बस की खिड़की से बाहर निकल रहे रोडवेज चालक को पास से गुजर रही अनुबंधित (कांट्रैक्ट) बस ने अपनी चपेट में ले लिया। दो बसों के बीच बुरी तरह फंसने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद बस स्टैंड पर भगदड़ और खलबली मच गई। कर्मचारियों और यात्रियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
अमांपुर क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी शादाब अली पुत्र साहिब अली परिवहन निगम में बस चालक हैं। परिचालक मनोज कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 6:30 बजे शादाब खड़ी बस की खिड़की खोलकर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान अनुबंधित बस के चालक ने अपनी बस बहुत सटाकर निकाल दी। पर्याप्त जगह न होने के कारण शादाब दोनों बसों के बीच दबकर चोटिल हो गए।
हादसे के बाद बस स्टैंड पर मौजूद कर्मचारियों और यात्रियों ने अनुबंधित बस चालक की लापरवाही पर कड़ा आक्रोश जताया। मामले की जानकारी देते हुए एआरएम नीरज कुमार ने बताया कि अनुबंधित बस का चालक डीजल भरवाने के लिए गाड़ी को बैक कर रहा था, उसी समय यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि आरोपी अनुबंधित बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।